उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में आम आदमी और अधिकारी उस समय हैरत में पड़ गए, जब जिले की जिलाधिकारी वंदना सिंह चौहान ने दरांती उठा खेत में काम करना शुरू कर दिया और अन्य महिलाओं के साथ धान की फसल काटने लगी। जिलाधिकारी तल्लानागपुर क्षेत्र में अगस्त्यमुनि ब्लॉक के खेतों की मानक फसल पैदावार के आकलन के लिए गडमिल गांव पहुंची हुई थी। इस दौरान 30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैले खेत में धान की कटाई और मंडाई की गई, जिसमें पांच किलो 100 ग्राम धान की फसल का उत्पादन हुआ है।
डीएम वंदना सिंह ने कहा कि फसल कटाई का यह प्रयोग रबी व खरीफ की फसल की कटाई से पूर्व किया जाता है। कहा कि इस प्रयोग से जिले में हो रहे उत्पादन की जानकारी मिलती है। साथ ही औसत पैदावार की गणना व नुकसान या फसल खराब होने के आकलन के लिए फसल कटाई की जाती है। इसी के आधार पर फसल के बीमे के लाभ की गणना की जाती है। इस अवसर पर प्रधान गडमिल यशवंत सिंह बुटोला, सांख्यिकीय अधिकारी रंजीत शाह, अपर सांख्यिकी अधिकारी कुसुम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।