Home उत्तराखंड फटी जींस के बयान से उत्तराखंड की सियासत में बवाल, जानिये किसने...

फटी जींस के बयान से उत्तराखंड की सियासत में बवाल, जानिये किसने क्या कहा

जींस पर दिए गए विवादित बयान को लेकर उत्तराखंड मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत विपक्ष और महिला संगठनों के निशाने पर आ गए हैं। एक ओर जहां इंटरनेट मीडिया में इसे लेकर मख्यमंत्री को लगातार ट्रोल किया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस ने इसे मुद्दा बनाते हुए प्रदेश में जगह-जगह मुख्यमंत्री के पुतले फूंके और माफी मांगने की मांग की। ट्विटर पर अभी तक 36 हजार से अधिक लोग इस पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान को महिलाओं के पहनावों के प्रति संकीर्ण मानसिकता का द्योतक बताया जा रहा है। वहीं, उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन के बाद से मुद्दा तलाश रही कांग्रेस इसे हाथ से नहीं जाने देना चाहती।

यह भी पढ़ें: ‘फटी जींस’ बयान पर दो हिस्सों में बंटा देश, विपक्ष लगातार घेर रहा CM तीरथ सिंह रावत को

असहज महसूस कर रही पार्टी ने उनके बचाव में मोर्चा संभाल लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री का उद्देश्य ऐसा नहीं था, उनका ध्येय था कि समाज के बीच संस्कार विद्यमान होने चाहिए। संस्कार के आधार पर ही समाज मजबूत बनता है। वहीँ शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करना ही हम लोगों की संस्कृति में है। इसी को अच्छे दृष्टिकोण से देखने के संदर्भ में सीएम ने कहा होगा। इस पर कोई राजनीति कर रहा है, वह गलत है। महिलाएं हमारी पूजनीय हैं। देवीतुल्य हैं। मां-बहन तुल्य हैं। बेटी तुल्य हैं। उनके लिए सीएम साहब कभी नकारात्मक भाव में कह ही नहीं सकते।

यह भी पढें: उत्तराखंड: OLX में आर्मी जवान बन लाखों की ठगी करने वाले दो अभियुक्त राजस्थान से गिरफ्तार

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि ‘हमारे नए मुख्यमंत्री महिलाओं की फटी जींस पहनने या कटी जींस पहनने पर बहुत खफा हैं। मुख्यमंत्री जी यह नया जमाना है। आपको तो मोदी जी राम नजर आते हैं, कृष्ण नजर आते हैं और अब आप हमारी बेटियों की जींस पहनने पर भी कमेंट करने लग गए।’ वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी इस पर सवाल खड़े किए हैं। आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया बेग ने कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं के खिलाफ जो अशोभनीय बयान दिया है, आप पार्टी उसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है। मुख्यमंत्री के बचाव में उतरी भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने कहा कि उनके बयान को विस्तृत परिपेक्ष्य में देखने की जरूरत है। वह समाज में संस्कारों में जो बदलाव आ रहे हैं उनकी बात कर रहे हैं। संस्कारों का जो अभाव दिख रहा है उस पर काम करने की जरूरत है, उन्हें सुधारना है।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: देहरादून में किशोर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती गई जेल, पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here