दिल्ली स्थित एम्स से स्व. आनंद सिंह बिष्ट का पार्थिव शरीर एक एंबुलेंस में लाया गया। जो देर शाम मेरठ, बिजनौर, नजीबाबाद और कोटद्वार होते हुए उनके पैतृक गांव पंचूर पहुंचा। एंबुलेंस के साथ यूपी और उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के वाहन भी साथ चल रहे थे। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार लक्ष्मणझूला के पास फूलचट्टी में गंगा तट पर किया जाएगा।
उनके अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी शामिल होंगे। बता दें कि सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट (89) ने आज सुबह 10:44 बजे एम्स में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर लगते ही यमकेश्वर क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। वह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके अंतिम दर्शनों के लिए गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए हैं। सभी नाते रिश्तेदार भी गांव पहुंच गए हैं।