उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज जन्मदिन है। उनका जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के यमकेश्वर ब्लॉक में हुआ था। हालांकि सीएम योगी पूर्वाश्रम (संन्यास से पहले) का जन्मदिन नहीं मनाते हैं लेकिन बड़ी संख्या में लोग उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं और वह उन्हें स्वीकार भी कर लेते हैं। उनके प्रशंसक आज सिर्फ उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में ही नहीं बल्कि पूरे भारत में हैं और वो भारतीय जनता पार्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के बाद तीसरे सबसे बड़े नेता माने जाते हैं।
योगी आदित्यनाथ (तब अजय सिंह बिष्ट के नाम से जाने जाते थे) बचपन से ही बहुत कुशाग्र और कर्मठ स्वभाव के थे. बचपन में ही उनका मन अध्यात्म की ओर भी झुकने लगा था। योगी आदित्यनाथ ने गढ़वाल विश्विद्यालय से गणित में बीएससी किया है, साल 1993 में गणित में एमएससी की पढ़ाई के दौरान अजय सिंह बिष्ट (संन्यास ग्रहण करने के बाद उनका नाम योगी आदित्यनाथ पड़ा), गुरु गोरखनाथ पर शोध करने के लिए गोरखपुर आए और तत्कालीन गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ के संपर्क में आए। योगी आदित्यनाथ साल 1994 में गोरक्षपीठ के उत्तराधिकारी बनाए गए थे और जिसके बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर योगी आदित्यनाथ कर दिया।
1998 से लेकर मार्च 2017 तक योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से सांसद रहे और हर बार के लोकसभा चुनाव में उनकी जीत का आंकड़ा बढ़ता ही चला गया। 2017 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के तमाम दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जिसके बाद वो उत्तरप्रदेश के विकास के लिए तमाम काम अब तक कर चुके हैं और कोरोना संक्रमण के समय में भी जिस तरह से उन्होंने काम किया है उसकी तारीफ देशभर में हो रही है।