Home उत्तराखंड उत्तराखंड छात्रसंघ चुनाव: डीएवी कॉलेज देहरादून में एबीवीपी को हरा पहली बार...

उत्तराखंड छात्रसंघ चुनाव: डीएवी कॉलेज देहरादून में एबीवीपी को हरा पहली बार आर्यन ग्रुप ने जीता अध्यक्ष पद

उत्तराखंड के 120 महाविद्यालयों में से 113 में मंगलवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का वर्चस्व रहा। एबीवीपी ने अध्यक्ष के 57 व महासचिव के 46 पदों पर जीत दर्ज की। हालांकि प्रदेश के सबसे बड़े डीएवी कॉलेज समेत कुछ अन्य में उसका गढ़ ढहा है।  मुख्य प्रतिद्वंद्वी नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने अध्यक्ष पद पर 30 व महासचिव के 37 पदों पर विजय प्राप्त की। 19 कॉलेजों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद कब्जाया। वहीं महासचिव पद पर 21 निर्दलीय विजेता रहे।

डीएवी कॉलेज में अध्यक्ष पद पर आर्यन छात्र संगठन के सिद्धार्थ अग्रवाल ने जीत दर्ज की। आर्यन ने अपने गठन के बाद पहली बार अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी उतारा था। मंगलवार को हुए मतदान में छात्रों के मुकाबले छात्राएं अपने वोट का प्रयोग करने में आगे रहीं। 28.14 प्रतिशत छात्र तो 36.40 प्रतिशत छात्राओं ने वोट किया। कुल मिलाकर 32.17 प्रतिशत वोट पड़ा। सुबह नौ बजे डीएवी में वोटिंग शुरू हुई। छात्र व छात्राओं के लिए आठ-आठ बूथ बनाए गए थे। करीब दो बजे बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद तीन बजे मतगणना शुरू हुई और देर शाम को विजेताओं की घोषणा हुई। डीएवी में उपाध्यक्ष पद पर दिवाकर ग्रुप के अनुज शाह, सहसचिव पर एबीवीपी के चंद्रशेखर और विवि प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई की शालिनी भंडारी विजयी रहीं। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने विजेताओं की घोषणा की। प्राचार्य डॉ. एसके सिंह ने विजेता छात्रों को प्रमाणपत्र दिए।

कुमाऊं में छात्रसंघ चुनावों में अभाविप आगे रही। छह जिलों में 56 कैंपस व महाविद्यालयों में अध्यक्ष पद पर 22 में अभाविप प्रत्याशी जीते तो 14 में एनएसयूआई ने बाजी मारी। आठ कॉलेजों में निर्दलीय प्रत्याशी अध्यक्ष बने हैं। कुमाऊं के सर्वाधिक छात्र संख्या वाले एमबीपीजी कॉलेज में अभाविप के सूरज रमोला ने निर्दल संजय जोशी को 17 वोटों के अंतर से हराया।

परिणामों पर एक नजर

प्रदेश के 113 कॉलेज में से 57 में अभाविप के अध्यक्ष

30 पदों पर एनएसयूआई को मिली जीत

आर्यन ने सात कॉलेजों में अध्यक्ष पद जीते

19 पदों पर निर्दलीय व अन्य संगठन बने विजेता


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here