Home उत्तराखंड शर्मनाक: दुष्कर्म न कर पाया तो कर दी महिला की हत्या, अर्धनग्न...

शर्मनाक: दुष्कर्म न कर पाया तो कर दी महिला की हत्या, अर्धनग्न हालत में मिला महिला का शव

देवभूमि उत्तराखंड में एक शर्मनाक घटना सामने आयी है। यहाँ मंगलौर क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय महिला गांव के पास स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी। सोमवार सुबह वह फैक्ट्री में काम करने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। उसके बाद परेशान होकर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद मंगलवार की सुबह फैक्ट्री के आसपास स्थित जंगल में भी महिला की तलाश की तो शव झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना पर एसपी देहात नवनीत सिंह, मंगलौर सीओ डीएस रावत समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा गया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फिर घटनास्थल के पास छानबीन करते हुए साक्ष्य जुटाने लगी। पुलिस ने फैक्ट्री में कर्मचारियों से पूछताछ की तो पता चला कि एक सफाई कर्मचारी अक्सर महिलाओं से छेड़छाड़ करता था। पुलिस ने फैक्ट्री के एक कमरे से उसे हिरासत में ले लिया। एसएसपी ने बताया कि सफाईकर्मी नीटू पुत्र मोहर सिंह ग्राम हीराहेड़ी, थाना झबरेड़ा ने पूछताछ में कबूला है कि सोमवार शाम को उसने शराब पी रखी थी। उसे पता चला कि महिला अकेली घर जा रही है।

इस पर उसने महिला को पकड़ लिया और फैक्ट्री के पास खेत में ले गया। यहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर गमछे से गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी और शव झाड़ी में फेंक दिया। एसएसपी ने बताया कि मृतका की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला की हत्या के बाद लोगों में चर्चा थी कि आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी नशे की हालत में था और नशे में उसने महिला के साथ पूरी दरिंदगी की होगी। महिला के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे और कपड़े भी फटे हुए थे। हालांकि, एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर ने बताया कि अभी तक की जांच में ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। वहीं एसएसपी ने बताया कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की बाद ही हो पाएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here