बांग्लादेश दौरे पर भारतीय टीम ने वनडे सीरीज पहले ही गंवा दी है। साथ ही कप्तान रोहित शर्मा दूसरे वनडे मैच में अंगूठे पर चोट लगवाकर तीसरे मैच से बाहर हो चुके हैं। अब रोहित के टेस्ट सीरीज से भी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। फिलहाल, रोहित मुंबई लौटने की तैयारी में हैं। रोहित शर्मा की जगह टेस्ट सीरीज़ में अभिमन्यु ईश्वरन को मौका मिल सकता है। 27 साल के अभिमन्यु ईश्वरन इस वक्त बांग्लादेश दौरे पर ही हैं और भारतीय-ए टीम की कमान संभाल रहे हैं। उन्होंने लगातार टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। यही वजह भी है कि अभिमन्यु को ही रोहित की जगह टेस्ट सीरीज के लिए रिप्लेस किया जा सकता है।
क्रिकेट के जानकारों का कहना है कि अभिमन्यु ने बांग्लादेश के खिलाफ अंडर-19 में कप्तान के रूप में लगातार दो शतक लगाकर मजबूत दावेदारी पेश की थी। उन्हें इसी प्रदर्शन का इनाम मिला है। रविवार को उनके भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होने की सूचना मिलते ही घर पर बधाइयों का तांता लगा रहा। अभिमन्यु के पिता आरपी ईश्वरन का कहना है कि इस पल का उन्हें बेसब्री से इंतजार था। बेटे से ढेर सारी उम्मीदें हैं। टीम इंडिया में शामिल होकर वह अपने बेहतर प्रदर्शन से इनको पूरा करेगा। कि अभिमन्यु ने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है। बता दें कि 27 वर्षीय अभिमन्यु ने मात्र सात वर्ष की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। प्रथम श्रेणी में उनका एवरेज 44 से अधिक है।
इस स्टार खिलाड़ी का पूरा नाम अभिमन्यु रंगननाथनपरमेश्वरन ईश्वरन है। उनका जन्म 6 सितंबर, 1995 में उत्तराखंड के देहरादून में हुआ था। हालांकि अभिमन्यु घरेलू क्रिकेट में बंगाल टीम के लिए खेलते हैं। अभिमन्यु शानदार बल्लेबाज के साथ लेगब्रेक स्पिनर भी हैं। यानी वह भारतीय टीम को ऑलराउंडर प्रदर्शन कर जीत दिलाने में सक्षम भी है। भारतीय टीम ने जब 2011 में अपना दूसरा वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता था, तब अभिमन्यु महज 15 साल के थे। उनके पिता आरपी ईश्वरन सीए हैं। अभिमन्यु के पिता ने कई साल पहले पुरकुल गांव में अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी की स्थापना की थी। इसी एकेडमी में अभिमन्यु ने भी क्रिकेट सीखा है। इसके बाद वह दिल्ली आए और फिर यहां से बंगाल का रुख किया। वह बंगाल टीम की कमान भी संभाल चुके हैं।