Home अजब - गजब विज्ञान का चमत्कार, दुनिया मे पहली बार इंसान के शरीर में लगाया...

विज्ञान का चमत्कार, दुनिया मे पहली बार इंसान के शरीर में लगाया गया सूअर का दिल

कोरोना काल में अमेरिकी डॉक्टर्स ने मेडिकल जगत में ऐतिहासिक क्रांति कर दी है और सुअर का दिल इंसान के शरीर में प्रत्यारोपित करने में कामयाबी हासिल कर ली है। अमेरिकी डॉक्टर्स ने सुअर के हृदय को इंसान में प्रत्यारोपित कर दिया है और विज्ञान जगत के लिए ये एक ऐतिहासिक कामयाबी है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस तकनीक के जरिए अब लाखों मरीजों की जान बचाई जा सकती है।

डेविड बेनेट नाम के मरीज में कई गंभीर बीमारियों और खराब स्वास्थ्य की वजह से इंसानों का दिल ट्रांसप्लांट नहीं किया जा सकता था। अब मरीज रिकवर कर रहे हैं और डॉक्टर बेहद करीब से नजर बनाए हुए हैं कि सूअर का दिल उनके शरीर में किस तरह काम कर रहा है। मैरीलैंड निवासी डेविड कहते हैं, ‘मेरे पास दो ही विकल्प थे, या तो मरूं या फिर यह ट्रांसप्लांट करवाऊं। मैं जीना चाहता हूं। मैं जानता हूं कि यह अंधेरे में तीर चलाने जैसा है, लेकिन यह मेरी आखिरी पसंद है।’ पिछले कई महीनों से हार्ट-लंग बाईपास मशीन के सहारे बिस्तर पर पड़े बेनेट ने कहा, ‘मैं ठीक होने के बाद बिस्तर से बाहर निकलने के लिए उत्सुक हूं।’

न्यू ईयर ईव के दिन अमेरिका के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने पारंपरिक प्रत्यारोपण न होने की स्थिति में एक आखिरी कोशिश के तौर पर इस इमरजेंसी ट्रांसप्लांट की मंजूरी दी थी। सर्जरी के जरिए सूअर का दिल प्रत्यारोपित करने वाले डॉक्टर बार्टले ग्रिफिथ कहते हैं, ‘यह एक सफल सर्जरी थी और इससे हम अंगों की कमी के संकट को हल करने की ओर एक कदम और बढ़ गए हैं।’


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here