Home उत्तराखंड चारधाम सहित ऊँची चोटियों पर बर्फ की सफ़ेद चादर… आज भी बारिश...

चारधाम सहित ऊँची चोटियों पर बर्फ की सफ़ेद चादर… आज भी बारिश और बर्फबारी का ओरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। चार धाम समेत समस्त ऊंची चोटियों पर हिमपात का सिलसिला शुरू हो गया है। निचले क्षेत्रों में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। देहरादून से सटे इलाकों में अंधड़ के साथ ही बौछारें पड़ीं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आज भी मौसम का मिजाज बदला रहने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर भारी बर्फबारी हो सकती है। निचले इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा, ओलावृष्टि और झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार दोपहर बाद गंगोत्री, यमुनोत्री, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम समेत हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, औली आदि जगहों में फिर बर्फबारी हुई, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश होने से ठंड लौट आई। शुक्रवार दोपहर से ही गंगोत्री धाम सहित हर्षिल घाटी में बर्फबारी शुरू हो गई थी। गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित सुधांशु सेमवाल ने बताया, दोपहर से हर्षिल घाटी के सभी गांवों में बर्फबारी जारी है। हर्षिल घाटी में करीब छह इंच बर्फ जम गई है। वहीं, गंगोत्री धाम में करीब एक फीट बर्फ जम गई है। खरसाली गांव, जानकीचट्टी, नारायणपुरी, फूलचट्टी क्षेत्र में भी बर्फबारी हो रही है।

चमोली में दो दिनों तक धूप खिलने के बाद शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर बाद बदरीनाथ, केदारनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, औली, गौरसों बुग्याल के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। आज शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 3,200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर भारी हिमपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा निचले क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा व ओलावृष्टि हो सकती है। देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और हरिद्वार में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा व 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की चेतावनी दी गई है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here