Home उत्तराखंड उत्तराखंड: औली में लंबे समय बाद हुई बर्फबारी… बर्फ से सराबोर...

उत्तराखंड: औली में लंबे समय बाद हुई बर्फबारी… बर्फ से सराबोर हुईं देवभूमि की वादियां

उत्तराखंड में लम्बे समय बाद मौसम ने करवट बदल ली है। बुधवार को बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के अलावा औली एवं हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से लोगों ने राहत की सांस ली है। कारोबारियों को लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार था। बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में कड़ाके की शीतलहर चल रही है। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ जनपदों के निचले क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाये रहे और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। देहरादून में दिनभर चटख धूप खिली रही। हरिद्वार, उधम सिंह नगर में दोपहर तक घने कोहरे ने परेशानी बढ़ाई।

औली में बीते वर्ष 12 दिसंबर को तक बर्फबारी हुई थी, लेकिन उसके बाद मौसम तो कई बार बदला लेकिन बारिश और बर्फबारी नहीं हुई। जिससे ऊंची चाटियां बर्फविहीन हो गई। लेकिन अब बर्फबारी होने से पर्यटक भी वादियों में बर्फ का लुत्फ उठाते नजर आए। उधर, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में हल्की बर्फबारी हुई। लंबे इंतजार के बाद हुई बर्फबारी से सेब बागवानों के काश्तकारों के चेहरे खिल गए हैं। वहीं ऊपरी इलाकों में बर्फबारी से निचले इलाकों में ठंडी हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई है। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के साथ ही शीतकालीन पड़ाव मुखबा सहित झाला, धराली, हर्षिल, बगोरी, जसपुर, पुराली व सुक्की, खरसाली, जानकीचट्टी, नारायणपुरी व फूलचट्टी आदि गांवों में भी हल्की बर्फबारी हुई।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here