Home उत्तराखंड उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल भर्ती: 413 केंद्रों पर 1.19 लाख उम्मीदवारों ने दी...

उत्तराखंड पुलिस कांस्टेबल भर्ती: 413 केंद्रों पर 1.19 लाख उम्मीदवारों ने दी परीक्षा

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से प्रदेश में कांस्टेबल (सिपाही) भर्ती की परीक्षा रविवार को पुलिस के कड़े पहरे में 413 केंद्रों पर हुई। इस दौरान हर जिले में डीएम-एसएसपी के स्तर से पूरी सरकारी मशीनरी लगाई गई थी। परीक्षा के लिए एक लाख 30 हजार 445 उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। सर्दियों के मौसम की वजह से आयोग ने परीक्षा का समय 11 बजे से एक बजे तय किया था। लेकिन उम्मीदवार 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे। आयोग के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि हर परीक्षा केंद्र के आसपास धारा-144 लागू रही।

कांस्टेबल भर्ती के चलते पुलिस ने विशेष एक्शन प्लान बनाया था। सूत्रों के मुताबिक, विशेषकर मैदानी जिलों में होटल, रिजॉर्ट और कोचिंग संस्थानों पर निगाह रखी गई। कुल एक लाख 30 हजार 429 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से एक लाख 119 हजार 843 शामिल हुए। 10 हजार 586 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। आयोग के सचिव जीएस रावत ने बताया कि प्रदेश भर में कुल 91.88 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही। आयोग ने परीक्षा के दौरान विशेष एहतियात बरती। हाथ में घड़ी पहने अभ्यर्थियों को एंट्री नहीं दी गई। परीक्षा केंद्र के गेट पर ही घड़ियां उतरवाई गईं। वहीं मास्क पहनकर जाने से भी रोक दिया गया। एडमिट कार्ड, फोटो युक्त पहचान पत्र और उसकी वीडियोग्राफी की गई।

किसी भी प्रकार के इलैक्ट्रोनिक एवं संचार उपकरणों जैसे मोबाइल, पेजर, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, घड़ियां इत्यादि को परीक्षा केन्द्र पर लाना / उपयोग में लाया जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है, जिसके उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

जिलेवार अभ्यर्थियों की संख्या

जिला-    कुल अभ्यर्थी  -उपस्थित   -अनुपस्थित  -प्रतिशत

अल्मोड़ा     9186      8200           986           89.26

बागेश्वर       5186     4679            507           90.22

चमोली       6842      6234           608           91.11

चंपावत       4789      4262           527           88.99

देहरादून      29398    27102        2296         92.18

हरिद्वार       16437    15402        1035          93.70

नैनीताल      11497    10621         876           92.38

पौड़ी           7339     6761           578           92.12

पिथौरागढ़   8962      8201           761           91.50

रुद्रप्रयाग    3980      3710            270           93.21

टिहरी         4973     4553             420           91.55

यूएसनगर   15397    14125          1272          91.73

उत्तरकाशी  6443       5993            450         93.01


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here