Home उत्तराखंड मैदान से लेकर पहाड़ तक डंक मार रहा डेंगू, पांच जिलों में...

मैदान से लेकर पहाड़ तक डंक मार रहा डेंगू, पांच जिलों में ज्यादा प्रकोप, कुल 192 मामले

प्रदेश जहां एक ओर कोरोना संक्रमण कम होता जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर बढ़ते डेंगू ने चुनौती बढ़ा दी है। पांच जिलों में डेंगू संक्रमण दस्तक दे चुका है। अब तक प्रदेश में डेंगू के 192 मामले मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू रोकथाम व बचाव के लिए प्रभावित जिलों को गहन निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। कारोना संक्रमितों की रफ्तार धीमी होने से स्वास्थ्य विभाग को थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन अब डेंगू संक्रमण की रोकथाम व बचाव की चुनौती खड़ी हो गई है। प्रदेश के मैदानी जिले देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल समेत पौड़ी व टिहरी जिले में लगातार डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। अब तक कुल 192 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं।

बीते दिन बुधवार को प्रदेश में 25 व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हुई। इनमें सबसे अधिक 13 मामले देहरादून जनपद में आए हैं। इसके अलावा हरिद्वार में 11 और पौड़ी में एक व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि हुई है। राज्य में इस वर्ष अब तक डेंगू के 192 मामले आ चुके हैं। इनमें भी सबसे अधिक 80 मामले देहरादून जिले में मिले हैं। हरिद्वार में 57, पौड़ी में 43 और नैनीताल व टिहरी में छह-छह मामले मिले हैं। देहरादून जनपद में डेंगू के जो 13 नए मरीज मिले हैं, उनमें चार महिलाएं और नौ पुरुष शामिल हैं। पांच मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि आठ घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सभी की स्थिति सामान्य है।

वर्ष 2019 में डेंगू संक्रमण तेजी से फैला था। कुल 10622 लोग डेंगू की चपेट में आए, जबकि आठ लोगों की मौत हुई थी। 2020 व 2021 में कोविड महामारी के दौरान डेंगू का प्रभाव कम रहा था। विशेषज्ञों के मुताबिक हर दो या तीन साल बाद डेंगू का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है।

वर्ष                डेंगू मरीज            मौतें

2018                591              02

2019               10622           08

2020                76                01

2021                738              02

2022 अब तक    192               00


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here