Home उत्तराखंड उत्तराखंड में आज से खुल जायेंगे मॉल, होटल-रेस्टोरेंट और धर्मस्थल, 10 पॉइंट...

उत्तराखंड में आज से खुल जायेंगे मॉल, होटल-रेस्टोरेंट और धर्मस्थल, 10 पॉइंट में समझिये सबकुछ

केंद्र सरकार की ओर से अनलॉक-1 के लिए जारी दिशानिर्देशों के तहत 8 जून से कुछ नयी रियायतें देने की बात कही गयी थी और अब उसी का नतीजा है कि 8 जून सोमवार से उत्तराखंड में मॉल, होटल-रेस्टोरेंट और धर्मस्थलों के दरवाजे खुल जाएंगे। कोरोना से बचाव के लिए जरूरी सतर्कता के साथ जनजीवन सामान्य करने के लिए आवश्यक नियम जारी कर दिए गए हैं। देर रात जब शासन की गाइडलाइन जारी की गई तो जहाँ प्रदेश में कई लोगों ने बड़ी राहत महसूस की वहीँ कुछ लोगों की उम्मीदों को झटका भी लगा है।

यह भी पढ़िये: शर्मनाक: 13 घंटे तक 8 अस्पतालों के चक्कर लगाती रही दर्द से तड़पती गर्भवती, एंबुलेंस में ही मौत

1. पूरे राज्य में सोमवार 8 जून से होटल, सेवा क्षेत्र, रेस्टोरेंट, शापिंग मॉल, धार्मिक स्थल और पूजाघरों को खोल दिया जाएगा।

2. होटल और होम स्टे आदि कोरोना संक्रमित शहरों और राज्यों की बुकिंग स्वीकार नहीं कर पायेंगे। अन्य स्थानों से न्यूनतम सात दिनों तक की बुकिंग ही स्वीकार की जाएगी।

3. होटल में आने वाले यात्रियों द्वारा किसी मानक का उल्लंघन किया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस को देनी होगी। इस दौरान ठहरने वालों को इस बात का भी शपथ पत्र देना होगा कि वह मानकों का उल्लंघन नहीं करेंगे।

4. रेस्टोरेंट प्रबंधकों को भी अपने यहां आने-जाने वालों का हिसाब रखना होगा। इस दौरान सफाई और शारीरिक दूरी की व्यवस्था बनानी होगी।

5. देहरादून नगर निगम क्षेत्र को छोड़ हर जगह शापिंग मॉल सुबह सात से शाम सात बजे तक खोले जाएंगे। मॉल में प्रतिदिन केवल 50 प्रतिशत दुकानें ही खोली जाएंगी।

6. धार्मिक गतिविधियां सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक शुरू होंगी। मंदिरों के बोर्ड, ट्रस्ट या प्रबंधन समितियां सैनिटाइजेशन और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करवाएंगी।

7. देहरादून नगर निगम क्षेत्र में अभी शॉपिंग मॉल, होटल-रेस्तरां और धार्मिक स्थल भक्तों के दर्शन के लिए नहीं खोले जाएंगे।

8. देहरादून नगर निगम से बाहर ऋषिकेश नगर निगम, मसूरी, डोईवाला, विकासनगर, हरबर्टपुर नगर पालिका क्षेत्र समेत ग्रामीण क्षेत्रों में यह प्रतिबंध लागू नहीं होंगे।

9. चारधाम यात्रा का जिम्मा चारधाम देवस्थानम बोर्ड पर छोड़ दिया गया है। बोर्ड संबंधित जिला प्रशासन और हक-हकूकधारियों से बातचीत करने के बाद सशर्त चारधाम यात्रा को खोलने के संबंध में निर्णय लेगा।

10. चारधाम यात्रा अगर शुरू होती है तो फिलहाल सिर्फ उत्तराखंड के लोग ही जा पायेंगे।

यह भी पढ़िये: उत्तराखण्ड में रविवार देर शाम तक 7 जिलों में मिले 52 संक्रमित, एक कोरोना मरीज की भी मौत….


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here