Home उत्तराखंड तो अब कांग्रेस में भी ‘उज्याड़ू बल्द’ की एंट्री पर संशय… हरीश...

तो अब कांग्रेस में भी ‘उज्याड़ू बल्द’ की एंट्री पर संशय… हरीश रावत ने कह दी ये बड़ी बात

भाजपा से निष्कासित हो चुके पूर्व काबीना मंत्री हरक सिंह रावत के साथ कुछ और नेताओं के भी कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है। लेकिन एक सवाल यह भी है कि पूर्व सीएम हरीश रावत वर्ष 2016 में बगावत कर भाजपा में गए कई नेताओं को उज्याडू बल्द बताते रहे हैं। हरक और उनके साथी यदि कांग्रेस में वापसी करते हैं तो क्या कांग्रेस उनका अपनी सियासी खेतीबाड़ी में इस्तेमाल कर पाएगी? रावत की सियासी डिक्शनरी में कुछ नेताओं के नाम उज्याडू बल्द के रूप में दर्ज हैं।

कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के भाजपा से 6 साल के लिए बर्खास्त होने के बाद देहरादून से लेकर दिल्ली तक यही चर्चा है कि हरक सिंह रावत कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। लेकिन हरक सिंह रावत की कांग्रेस में शामिल होने की राह इतनी आसान नजर नहीं आती। जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सीधे तौर पर कांग्रेस आलाकमान को कह दिया है कि हरक सिंह रावत को पार्टी में शामिल कराना कार्यकर्ताओं के मनोबल को तोड़ना जैसा होगा।

हरीश रावत ने कहा है कि हरक सिंह रावत लोकतंत्र के हत्यारे हैं। जो एक चलती हुई सरकार को गिरा कर 2016 में भाजपा में शामिल हुए थे। आज जब भाजपा में उनकी प्रेशर पॉलिटिक्स नहीं चल रही है तो वह कांग्रेस में आना चाहते हैं। हरीश रावत ने सीधे शब्दों में कांग्रेस आलाकमान से कहा है कि अगर हरक सिंह रावत को कांग्रेस में लिया जाता है तो पार्टी को इसका प्रदेश और देश के कई राज्यों में नुकसान होगा। ऐसे में हरीश रावत के नाराज रहने के चलते हरक सिंह रावत की कांग्रेस में एंट्री इतनी आसान नहीं है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here