Home उत्तराखंड उत्तराखंड: जिसके लिए दो पत्नियों को छोड़ा, वो सात फेरे लेते ही...

उत्तराखंड: जिसके लिए दो पत्नियों को छोड़ा, वो सात फेरे लेते ही बन गई ‘लुटेरी दुल्हन’, सुबह होते ही उड़ गए होश

बॉलीवुड फिल्म डॉली की डोली की तर्ज पर रुड़की में भी लुटेरी दुल्हन ने एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसा लिया और एक रात के लिए उसकी दुल्हन बनकर घर का पूरा सामान समेटकर फरार हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने लुटेरी दुल्हन के चक्कर में अपनी पहली दो पत्नियों को भी छोड़ दिया था। अब उन्होंने व्यक्ति को अपनाने से इंकार कर दिया है। पीड़ित कोतवाली के चक्कर काटकर लुटेरी दुल्हन की तलाश की गुहार लगा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी व्यक्ति की दो पत्नियां थीं। करीब 15 दिन पूर्व उसकी मुलाकात नजीबाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से हुई। आरोप है कि युवती ने उसे अपने जाल में फंसा लिया और बताया कि उसका कोई नहीं है।
इसके बाद युवती ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। उसकी बातों में आकर व्यक्ति शादी को तैयार हो गया। व्यक्ति की तीसरी शादी करने की जानकारी पहली दो पत्नियों को हुई तो उन्होंने विरोध किया, लेकिन व्यक्ति ने उनकी नहीं सुनी। इससे नाराज दोनों पत्नी घर छोड़कर मायके चली गईं। इसके बाद व्यक्ति ने युवती से शादी कर ली और अपने घर ले आया।

उसे अपने घर की पूरी जानकारी दे दी और जेवर व नकदी वाली जगह भी दिखा दी। आरोप है कि रात में आंख लगने के बाद दुल्हन ने घर में रखी पूरी नकदी और लाखों के जेवर समेट लिए और फरार हो गई। सुबह जब व्यक्ति की आंख खुली और दुल्हन के साथ नकदी व जेवर गायब देखे तो उसके होश उड़ गए। उसने दुल्हन की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। हारकर वह अपनी दोनों पत्नियों को लेने पहुंचा तो उन्होंने उसे अपनाने से इंकार कर दिया। अब वह लुटेरी दुल्हन की तलाश के लिए पुलिस के चक्कर काट रहा है। एसएसआई प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here