मोहद्दीनपुर में प्रेमिका से मिलने आए युवक को पेड़ से बांधकर जमकर पीटा गया। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे छुड़ाया और कोतवाली लेकर आई। पुलिस ने दोनों पक्ष से चार लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। आपसी समझौता होने पर महिला को उसकी ससुराल भेज दिया गया।
डलमऊ के जमुनीपुर मजरे कल्याणपुर बैंती गांव के अंकित यादव गुरुवार की रात महिला मित्र से मिलने उसके घर पहुंच गया। महिला के पति को शुक्रवार की सुबह इसकी भनक लग गई। उसने कमरे में खोजना शुरू किया तो अंकित बेड के नीचे छिपा मिला। महिला के पति ने उसे बाहर निकाला और घर के सामने नीम के पेड़ से बांध दिया। आक्रोशित गांव वालों ने उसकी पिटाई कर दी।
बात और न बढ़ जाए, इसलिए कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। राजघाट चौकी से दो सिपाही मौके पर पहुंचे और अंकित को पकड़ कर कोतवाली ले आए। महिला, उसके पति, देवर और ससुर को भी बुला लिया गया। अंकित ने बताया कि उसकी बहन महिला के साथ पढ़ती थी, इसी वजह से उसकी जान पहचान हो गई थी। वह उज्जैन दर्शन करने गया था। महिला ने प्रसाद मंगाया था। वह प्रसाद देने के लिए उसके घर आया था। उस पर गलत आरोप लगाए गए हैं। महिला के ससुर ने कहा कि अंकित को उसकी बहू के कमरे से पकड़ा गया है। उस पर कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने बताया कि अंकित का शांतिभंग में चालान किया गया है। उसके साथ मारपीट करने के मामले में महिला के पति, देवर और ससुर पर भी कार्रवाई की गई।