Home उत्तराखंड विश्व धरोहर फूलों की घाटी 31 अक्तूबर को हो जाएगी बंद, ठंड...

विश्व धरोहर फूलों की घाटी 31 अक्तूबर को हो जाएगी बंद, ठंड के कारण 2 दिन से सुना पड़ा

उत्तराखंड में अक्तूबर शुरू होते ही ठंड का प्रकोप छाने लगा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों के धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर ठंड हाड़ कंपाने लगी है। इसी के चलते चार धाम के कपाट बंद होने का मुहूर्त भी करीब आ रहा है। उधर, चमोली जिले में स्थित फूलों की घाटी में भी पिछले दिनों हुई बर्फबारी के कारण लगातार ठंड बढ़ रही है। ठंड के कारण पिछले दो दिन से एक भी पर्यटक इस अदभुत स्थान पर नहीं पहुंच पाया है। शीतकाल को देखते हुए 31 अक्तूबर को फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए बंद कर दी जाएगी।

घाटी में अभी तक 13,040 पर्यटक फूलों की घाटी का दीदार करने पहुंच चुके हैं। फूलों की घाटी के वनक्षेत्राधिकारी गौरव नेगी ने बताया कि सोमवार को बर्फबारी होने से यहां पर्यटकों की संख्या शून्य रही। दो दिन से घाटी में कोई पर्यटक नहीं पहुंचा है। यहां ठंड भी काफी बढ़ गई है। चमोली जिले में स्थित फूलों की घाटी को प्राकृतिक, सौंदर्य और जैव विविधता के कारण यूनेस्कों ने वर्ष 2005 में विश्व धरोहर घोषित किया था। इस स्थल पर सालाना देश और विदेश के हजारों पर्यटक पहुंचते हैं।

यूनेस्को की विश्व धरोहर में शुमार फूलों की घाटी 87.50 किमी वर्ग क्षेत्र में फैली है। यहां फूलों की 500 से ज्यादा प्रजातियां देखने को मिलती हैं। राष्ट्रीय उद्यान फूलों की घाटी के भीतर पर्यटकों को शिविर लगाने की अनुमति नहीं है। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार इस साल अब तक करीब 13 हजार पर्यटक फूलों की घाटी पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से रूबरू हो चुके हैं। ठंड बढ़ने के कारण पिछले तीन दिन से से यहां पर कोई भी पर्यटक नहीं पहुंच पाया है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here