Home उत्तराखंड 2025 तक उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बना देंगे: सीएम पुष्कर...

2025 तक उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बना देंगे: सीएम पुष्कर सिंह धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार 12 दिसम्बर को हल्द्वानी से कुमाऊं मंडल की 29 विधान सभाओं के लिए जन सुझाव रथ यात्रा को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से पार्टी के घोषणा पत्र और राज्य के विकास के लिए रथ में रखी सुझाव पेटी में सुझाव देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2025 तक उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का सपना देखा है। जिसके लिए पार्टी कार्ययोजना तैयार करने में लगी है।

हल्द्वानी के ऊंचापुल स्थित रामलीला मैदान से जन सुझाव रथ को रवाना करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अब तक उत्तराखंड के लिए एक लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं मंजूर कर दी हैं। देहरादून की तरह कुमाऊं में होने वाली पीएम मोदी की रैली में भी हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अगले दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। जिसके लिए केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ब्लूप्रिंट तैयार कर रही है। प्रदेश की जनता ने भाजपा को फिर से सत्ता में पहुंचाया तो उत्तराखंड विकास की नईं ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी के जन सुझाव कार्यक्रम के तहत रथ 10 दिनों तक कुमाऊं मंडल की सभी 29 विधान सभा क्षेत्रों में घूमेंगे। इस दौरान लोग रथ में रखी पेटी में अपने सुझाव दे सकते हैं। सुझाव पेटिका के माध्यम से क्षेत्र की बड़ी समस्याओं से भी सरकार व पार्टी को अवगत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर को देहरादून से 41 रथ गढ़वाल मंडल की सभी विधान सभाओं के लिए रवाना होंगे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here