पिथौरागढ़ जिले में मुख्यालय से 5 किलोमीटर दूर के मड़धूरा गांव में तीन लोगों का कत्ल कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि तीनों मृतक नेपाल के निवासी हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार जघन्य तरीके से धारदार हथियारों से इनकी हत्या की गयी है। मृतकों में से अभी केवल एक नेपाली के नाम का पता चल सका है। वहीं हत्यारों ने तीनों मृतकों के जननांग काट दिए हैं। पुलिस अन्य मृतकों की शिनाख्त व हत्या का कारण पता करने की कोशिश में जुट गई है।
ये वारदात दिवाली के त्यौहार से ठीक पहले ऐसी भयावह वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। अभी नगर के सरस्वती विहार कालोनी में एक महिला की गला घोंटकर हत्या हुई थी। वहीं, इस वारदात में शव के अंग-भंग किए जाने से लोगों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। तीन नेपाली नागरिक यहाँ मजदूरी के लिए गए थे। शुक्रवार की रात को तीनों नेपालियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
शनिवार सायं जब गांव की एक महिला किसी काम से उधर गई, जहां नेपाली रहते थे। वहां पर एक कमरा खुला था। महिला ने देखा कि कमरे के अंदर एक नेपाली नागरिक का शव पड़ा हुआ है और दूसरा कमरा बंद है। इसके बाद महिला बदहवास शोर मचाते हुए गांव की ओर भागी। शोर सुनकर ग्रामीणों को घटना का पता चला। इसके बाद गांव वालों ने जाजरदेवल थाने को मामले की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने जब दूसरा कमरा खोला तो उसमें दो नेपालियो के और शव मिले, जिसमें से एक नेपाली का चेहरा बुरी तरह कुचला गया था। तीनों मृतकों के जननांग काटे गए थे।
पुलिस इस मामले में नेपालियों के ही संलिप्त होने की आशंका जता रही है। वहीं, संवेदनशील अंगों के काटे जाने से लोग इस मामले को छेड़छाड़ से जोड़ कर देख रहे हैं। वारदात में स्थानीय लोगों के शामिल होने की आशंका को बल मिल रहा है।