Home उत्तराखंड आज भी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत… पारा पहुंचा 37 डिग्री पार…...

आज भी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत… पारा पहुंचा 37 डिग्री पार… 19 अप्रैल को बारिश का ऑरेंज अलर्ट

राजधानी देहरादून में आज 17 अप्रैल को भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पिछले तीन दिन से तापमान लगातार 37 डिग्री के आसपास चल रहा है। सोमवार को भी तापमान 37 डिग्री के आसपास ही रहेगा। जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली। हालांकि, मौसम विभाग ने रात में कुछ क्षेत्रों में हल्के गर्जन वाले बादल विकसित होने की संभावना जताई है। दूसरी ओर पहाड़ों की रानी मसूरी में पिछले एक सप्ताह में रविवार का दिन सबसे गर्म रहा। दिन में यहां का अधिकतम तापमान 24 डिग्री पहुंच गया। लेकिन, देर शाम को ठंडी हवा चलने के बाद मौसम सुहावना हो गया। पर्यटक मालरोड में घूमते नजर आए।

चटख धूप पहाड़ से लेकर मैदान तक झुलसा रही है। हालांकि, आज पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादलों के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। पारे में और इजाफा होने के आसार हैं। वहीं, आगामी बुधवार को प्रदेश में कहीं-कहीं भारी वर्षा व ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी की मार पड़ रही है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। इसी के साथ पहाड़ों में भी तपिश बढ़ गई है। दोपहर में गर्म हवा के थपेड़े बेहाल कर रहे हैं। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।

भारी वर्षा और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले तीन दिन मैदानों में मौसम शुष्क और पहाड़ों में आंशिक बादल रह सकते हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें व ओलावृष्टि हो सकती है। जबकि, 19 अप्रैल को पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here