Home उत्तराखंड नौ कंपनियों के हेलीकॉप्टर से जा पाएंगे केदारनाथ धाम, अप्रैल से खुल...

नौ कंपनियों के हेलीकॉप्टर से जा पाएंगे केदारनाथ धाम, अप्रैल से खुल सकती है ऑनलाइन बुकिंग

चारधाम यात्रा इस बार 22 अप्रैल से शुरू होने जा रही है. इस बार केदारनाथ हेली सेवा के लिए इस बार भी नौ एविएशन कंपनियों के साथ अनुबंध किया जाएगा। इसके लिए एविएशन कंपनियों से दो मार्च तक निविदाएं मांगी गई है। हेली सेवा संचालन के लिए कंपनियों का चयन और किराया तय होने के बाद अप्रैल से ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की ओर से केदारनाथ हेली सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। इस बार भी नौ कंपनियों के साथ ही हेली सेवा के लिए तीन साल का अनुबंध किया जाएगा।

इस बार किराये में 10 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर में एविएशन कंपनियों की ओर से दिए गए रेट के आधार पर किराया निर्धारित किया जाएगा। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने 2020 में केदारनाथ हेली सेवा के लिए आठ कंपनियों के साथ तीन साल का अनुबंध किया था। इसमें सिरसी, फाटा व गुप्तकाशी से किराया तय था। 2020 व 2021 में कोविड महामारी के कारण चारधाम यात्रा बंद रही। इस दौरान हेली सेवा का संचालन नहीं हुआ। स्थिति सामान्य होने के बाद 2022 में यात्रा का संचालन किया गया। एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) के दाम में बढ़ने के कारण एविएशन कंपनियों ने सरकार को किराया में बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था।

हालांकि, तीन साल का अनुबंध होने के कारण सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी। सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर का कहना है कि केदारनाथ हेली सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। कंपनियों के आवेदन के बाद ही नए सिरे से किराया निर्धारित किया जाएगा। गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा में हेली सेवा के लिए यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस बार सरकार का प्रयास सहस्रधारा से भी हेली सेवा शुरू करने की है। इसके लिए यूकाडा ने कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। अभी तक सहस्रधारा से चार्टर्ड हेलिकाप्टर की सुविधा है। जिसमें हेलिकॉप्टर का किराया तीन लाख से अधिक होता है। लेकिन कम किराये में सहस्रधारा से हेली सेवा का संचालन करना कंपनियों के लिए संभव नहीं होगा।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here