Home उत्तरकाशी चारधाम यात्रा का शुभारंभ, आज खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट

चारधाम यात्रा का शुभारंभ, आज खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट

आज दिनांक १८ अप्रैल २०१८, दिन अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर विश्व प्रसिद्ध उत्तराखंड की चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। आज गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जायेंगे, जिसके लिए देश विदेश से लाखो श्रद्धालु दर्शन के लिए गंगोत्री-यमुनोत्री धाम पहुँच रहे है।

बताया जा रहा शुभ मुहूर्त के अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 1.15 बजे और यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:15 बजे श्रद्धालुओं के दर्शन लिए खोल दिए जाएंगे। जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 29 अप्रैल और बदरीनाथ धाम के कपाट 30 अप्रैल को यात्रियों के लिए खुलेंगे।

मंगलवार से मुखबा गांव जहाँ माँ गंगा का शीतकालीन प्रवास है में माँ गंगा की विदाई की तैयारियां शुरू हो गई थीं। सुबह से ही विशेष पूजा अर्चना और आरती के बाद माँ गंगा की डोली को सजाया गया। इसके बाद विधि विधान के साथ तय मुहूर्त के अनुसार 11:45 पर मां गंगा की डोली ग्रामीणों तथा तीर्थयात्रियों के साथ मुखबा से गंगोत्री के लिए रवाना हुई, जो आज दिनांक १८ अप्रैल २०१८ को गंगोत्री धाम पहुंचेगी, जहाँ विधि विधान और वैदिक मंत्रोचारण के साथ माँ गंगा की मूर्ति को स्थापित कर दोपहर 1:15 बजे गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

वही दूसरी ओर मां यमुना जी की डोली अपने भाई शनि महाराज की डोली के साथ, बुधवार को उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली से सुबह 9 बजे यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। जहाँ पूजा,अर्चना, मत्रोच्चारण के बाद 12:15 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।