Home उत्तराखंड आज खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, 15 साल बाद बन रहा ये...

आज खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट, 15 साल बाद बन रहा ये ख़ास संयोग

7 मई यानी आज अक्षय तृतीय पर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही विधिवत रूप से चारधाम यात्रा शुरू हो जायेगी। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल एवं सचिव दीपक सेमवाल ने बताया कि भैरोंघाटी में पूरी रात भजन-कीर्तन किया जाता है। इस दौरान मां यमुना की डोली को खरसाली गांव से यमुनोत्री धाम के लिए विदा किया जाएगा। मंदिर समिति के प्रवक्ता बागेश्वर उनियाल ने बताया कि मंगलवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान के बाद सुबह 9 बजे मां यमुना की मूर्ति को यमुना मंदिर से बाहर निकाला जाएगा। इसके बाद शनि देवता की अगुवाई में सभी श्रद्धालु मां यमुना की डोली को लेकर यमुनोत्री धाम पहुंचेंगे, जहां विशेष पूजा अर्चना के बाद दोपहर 1:15 बजे के शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे।

मंगलवार सुबह गंगा जी की डोली यात्रा गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। गंगोत्री पहुंचकर वहां गंगा स्तोत्र, गंगा लहरी एवं गंगा सहस्त्रनाम पाठ कर गंगा का अभिषेक किया जाएगा। अभिजीत मुहूर्त में पूर्वाह्न 11:30 बजे गंगोत्री मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। इस मौके पर श्रद्धालु मंदिर के भीतर जल रही अखंड ज्योति के दर्शन का पुण्य लाभ भी अर्जित कर सकेंगे। विधि विधान एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ गंगा जी की भोग मूर्ति को मंदिर के भीतर विराजमान किया जाएगा। चारधाम की यात्रा के लिए अब तक डेढ़ हजार श्रद्धालु फोटोमीट्रिक पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या में पैदल यात्री भी शामिल हैं, जो कई दिन पहले ही पंजीकरण कराने के बाद अपनी पैदल यात्रा शुरू कर चुके हैं।

वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया को अक्षय तृतीया मनाई जाती है। जिसका हिंदू धर्म में बेहद महत्व है। इस बार शुभ संयोगों के साथ मंगलवार को अक्षय तृतीया मनाई जाएगी। अक्षय तृतीया का शुभ मुहूर्त सुबह पांच बजकर 40 मिनट से शुरू होकर 12 बजकर 17 मिनट तक है। इस दौरान बेहद विशेष संयोग बन रहा है, जो शुभ फलदायी होगा। इसमें सूर्य, शुक्र, राहू और चंद्र अपनी उच्च राशि में होंगे। इससे पहले साल 2003 में ऐसा अद्भुत संयोग बना था। मानव सभ्यता के लिए यह संयोग काफी शुभ माना जाता है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here