Home उत्तराखंड उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीटों पर आज प्रत्याशी घोषित कर सकती है...

उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीटों पर आज प्रत्याशी घोषित कर सकती है कांग्रेस, इन नामों पर चर्चा

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। हरिद्वार, गढ़वाल, नैनीताल-उधमसिंहनगर समेत पांचों सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा जल्द हो सकती है। बता दें कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरे चरण की बैठक आज 11 मार्च को प्रस्तावित है। स्क्रीनिंग कमेटी ने दावेदारों की छंटनी के पैनल में 16 नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे हैं। इसमें पांच नामों पर समिति की बैठक में फैसला लिया जाएगा। पांचों सीटों पर कुल 42 नेताओं व पदाधिकारियों ने टिकट के लिए दावेदारी की थी। बैठक में चर्चा के बाद 16 नामों का पैनल तय किया गया। स्क्रीनिंग कमेटी में इसमें से भी नामों की छंटनी करेगी। जिसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे।

नई दिल्ली में कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी बैठक में कई राज्यों की लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर चर्चा होगी, जिसमें उत्तराखंड भी शामिल हैं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी शामिल होंगे। केंद्रीय चुनाव समिति की पहली बैठक में कांग्रेस ने 39 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उत्तराखंड की पांच सीटों पर प्रत्याशियों पर चर्चा होगी।

पौड़ी गढ़वाल सीट से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे मनीष खंडूड़ी ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। अब इस सीट पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप और महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला दावेदारों में शामिल हैं, जबकि हरिद्वार से पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, हरक सिंह रावत और हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत के नाम चर्चा में हैं। टिहरी सीट से पार्टी के विधायक प्रीतम सिंह सिंह, विक्रम सिंह नेगी, जोत सिंह गुनसोला, नवीन जोशी टिकट पर दावा कर रहे हैं। नैनीताल सीट पर विधायक भुवन कापड़ी, दीपक बलूटिया, रणजीत सिंह रावत, अल्मोड़ा में यशपाल आर्य व प्रदीप टम्टा के नाम की चर्चा है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here