Home उत्तराखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व महामंत्री संगठन दिल्ली में, नई टीम पर आज...

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व महामंत्री संगठन दिल्ली में, नई टीम पर आज लग सकती है मुहर

प्रदेश भाजपा की नई टीम के स्वरूप को लेकर केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की बैठक शुक्रवार को दिल्ली में होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन में शामिल किए जाने वाले नामों पर मुहर लग जाएगी। उत्तराखंड भाजपा के नए अध्यक्ष महेंद्र भट्ट इन दिनों अपनी टीम को आकार देने की कवायद में जुटे हुए हैं। पिछले हफ्ते भट्ट व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार की इस सिलसिले में दिल्ली में राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष के साथ पहले चरण की बैठक हुई थी।

केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश महामंत्री संगठन गुरुवार शाम को एक फिर दिल्ली पहुंचे। पहले इनकी बीएल संतोष के साथ गुरुवार शाम को बैठक तय थी, लेकिन अब यह बैठक शुक्रवार को होगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट संकेत दे चुके हैं कि नई टीम में अधिकांश नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं। इस कड़ी में संगठन से हटाए जाने वाले नेताओं को भाजपा सरकार में दायित्व सौंपे जा सकते हैं।

लगातार दूसरी बार सत्ता में आई भाजपा ने अब तक दो-तीन नियुक्तियों को छोड़कर विभिन्न निगमों, परिषदों व आयोगों में अध्यक्ष या उपाध्यक्ष पदों पर नियुक्तियां नहीं की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा कर चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि संगठन की नई टीम तैयार होने और इसकी घोषणा के तुरंत बाद मुख्यमंत्री दायित्वों का भी बंटवारा कर देंगे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here