ऋषभ पंत दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। उनकी कार डिवाइडर से टकराई है। हादसे के बाद कार में आग लग गई। गाड़ी का शीशा तोड़कर पंत को बाहर निकाला गया। उनके सिर और पैर में चोट लगी है। हादसे के बाद पंत की हालत स्थिर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि टीम इंडिया के खिलाड़ी ऋषभ पंत शुक्रवार सुबह छुट्टियां मनाने अपने घर रुड़की जा रहे थे। नारसन बार्डर पर हम्मदपुर झाल के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई। उनकी मर्सिडीज कार सड़क किनारे लगे रेलिंग को तोड़ते हुए खंभों से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद उनकी कार में आग लग गई। हादसे के बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए और बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया।
हादसे की सूचना पर पुलिस अधीक्षक देहात स्वप्न किशोर सिंह मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन पंत को दिल्ली रोड स्थित सक्षम अस्पताल ले जाया गया। सक्षम हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. सुशील नागर ने बताया कि फिलहाल ऋषभ पंत की हालत स्थिर बनी हुई है। उनको रुड़की से दिल्ली रेफर किया जा रहा है। वहां उनकी प्लास्टिक सर्जरी की जाएगी। उधर, हादसे के बाद खानपुर विधायक उमेश कुमार भी अस्पताल पहुंचकर पंत का हाल जाना.