Home उत्तराखंड उत्तराखंड पुलिस: जल्द शुरू होगी भर्ती, 1521 सिपाहियों और 197 दरोगाओं के...

उत्तराखंड पुलिस: जल्द शुरू होगी भर्ती, 1521 सिपाहियों और 197 दरोगाओं के पद के लिए जारी होगा नोटिफिकेशन

उत्तराखंड पुलिस विभाग में जल्द भर्ती शुरू होने वाली है। अब शासन ने सिपाहियों के 1521 पद और 197 दरोगाओं की भर्ती की अनुमति दे दी है। शासन ने उत्तराखंड पुलिस विज्ञप्ति जारी करने के तत्काल आदेश उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को दे दिए हैं। देवभूमि बेरोजगार मंच के अध्यक्ष राम कंडवाल ने बताया कि 17 दिसंबर को हमने मुख्यमंत्री आवास कूच किया था। जिसके बाद वहां पर मुख्यमंत्री के पीआरओ राजेश सेठी जी आए थे और उन्होंने कहा था मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ही आदेश कर देंगे।

उन्होंने आगे कहा कि बेरोजगार लगातार धरने प्रदर्शन कर रहा था और आज उनका धरना प्रदर्शन सफल हो गया। पिछले तीन साल से वह इस विज्ञप्ति के लिए लगातार मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय घेराव कर रहे थे और आज लाखों युवाओं को उत्तराखंड सरकार ने यह तोहफा दिया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। लंबे समय से कांस्टेबल भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। शासन ने कांस्टेबल भर्ती को संपन्न करवाने के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) को अधियाचन भेज दिया है। आयोग इसी माह भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी करेगा।

यह भर्ती नवंबर में शुरू होनी थी लेकिन आयु सीमा को लेकर इस पर हाईकोर्ट में याचिका दायर हुई थी। इसके बाद इस भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी करने पर रोक लग गई थी। अब शासन ने दोबारा यूकेएसएसएससी को भर्ती करवाने के लिए अधियाचन भेज दिया है। अब आयोग इस माह के अंत तक भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी करेगा। 1521 पदों पर होने वाली इस भर्ती के लिए युवा लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here