जिस घर से बेटी की डोली उठने की खुशियाँ मनाई जा रही थी, पल भर में ही वो खुशियाँ मातम में बदल गयी। खबर देहरादून से जहां 21 नवंबर को बेटी की डोली उठनी थी वहां अब पिता की अर्थी उठी। सड़क दुर्घटना में पिता की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा देहरादून में शुक्रवार शाम को हुआ। जानकारी के मुताबिक संतराम सिंह (50) निवासी बलबीर रोड की बेटी की 21 नवंबर को शादी है। वह अपनी पत्नी के भाई विनोद कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर बेटी की शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे। शाम को राजीव नगर कंडोली की गली में उनकी मोटरसाइकिल गड्ढे में जा गिरी। जिससे दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद कुमार की हालत तो सामान्य थी, लेकिन संतराम सिंह को काफी चोट आई थी। शनिवार को संतराम सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। एसओ ने बताया इस संबंध में आसपास के लोगों से हादसे की तस्दीक की गई है। हादसा सड़क पर मौजूद गड्ढे के कारण हुआ था।