Home उत्तराखंड दिवाली से पहले उत्तराखंड पहुंचे जनरल विपिन रावत, चीन को लेकर दिया...

दिवाली से पहले उत्तराखंड पहुंचे जनरल विपिन रावत, चीन को लेकर दिया बड़ा बयान

भारत के थल सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत कल यानी 24 अक्टूबर को उत्तराखंड के दौरे पर थे जहाँ उन्होंने चमोली जिले में चीन सीमा पर स्थिति अग्रिम चौकियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवानों के साथ समय बिताया और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की। नीती घाटी में चीनी सैनिकों की घुसपैठ के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में चीन के साथ किसी तरह के टकराव की बात नहीं है। उन्होंने कहा की भारत के पड़ोसी देश चीन के साथ मलारी बोर्डर पर संबंध मधुर है। सरहद पर रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए चिंता करने वाली कोई बात नहीं है।

उन्होंने मलारी में स्थानीय भोटिया जनजाति के ग्रामीणों के साथ अखरोट के पौधों का रोपण कर सीमा क्षेत्र से हो रहे पलायन को रोकने का संदेश दिया। सेना प्रमुख का सीमा क्षेत्र का दौरा सेना के अधिकारियों और जवानों में जोश भर गया। हेलीकॉप्टर से साढ़े दस बजे मलारी में सेना के हेलीपेड पर पहुंचे थे। उन्होंने सेना के अधिकारियों और जवानों के साथ मुलाकात की। और कहा कि वे दीपावली पर्व पर जवानों से मिलने यहां पहुंचे हैं। उन्होंने सेना और ग्रामीणों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया।

ग्रामीणों ने नीती घाटी में संचार सेवा की बदहाली की समस्या भी सेना प्रमुख के सम्मुख रखी। इस पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता हुई है। नीती घाटी में बाड़ाहोती नाम के स्थान पर चीनी सैनिकों की घुसपैठ सुर्खियां बनती रही है। पिछले साल जुलाई में चीनी सैनिकों ने इस क्षेत्र में पांच बार घुसपैठ की थी। गौरतलब है कि  बाड़ाहोती 80 वर्ग किलोमीटर में फैला चारागाह है जहां पर स्थानीय लोग अपने जानवरों को लेकर आते हैं। वर्ष 2014, 2015 और 2016 में भी चीनी सेना की घुसपैठ को लेकर यह क्षेत्र सुर्खियों में रहा था।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here