उत्तराखंड के टिहरी में घनसाली के नेलचामि पट्टी के थार्ती गावं में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर दिया है। बताया गया कि बुुधवार रात को पत्नी पर शक होने के कारण दोनों के बीच विवाद हो गया था। आरोपी लॉकडाउन के दौरान विदेश से घर आया था।
बृहस्पतिवार की सुबह थार्ती सिरमोली गांव निवासी विक्रम सिंह पुंडीर (36) ने अपनी पत्नी शशि देवी (27) पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बताया गया कि शशि ने अपना बचाव करने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में आए विक्रम ने उस पर ताबड़तोड़ चार-पांच बार हमला कर दिया।
इससे वह लहूलुहान होकर आंगन से नीचे खेत में गिर गई और उसने वहीं दम तोड़ दिया। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर एसडीएम ने पुलिस को बताया। मौके पर मयफोर्स पहुंचे सीओ महेशचंद्र बिंजोला और थानाध्यक्ष कुलदीप शाह ने आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार कर दिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी पर किसी दूसरे से प्रेम प्रसंग का शक होने के कारण बुधवार रात को दोनों के बीच विवाद हो गया था। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे भी दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसी दौरान आरोपी ने रसोई से चाकू निकालकर शशि के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता उम्मेद सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया गया कि वर्ष 2016 में उनकी शादी हुई थी। उनका एक तीन साल का बेटा है।