Home उत्तराखंड 22 साल के युवक ने ग्राम प्रधान की गोली मारकर की हत्या,...

22 साल के युवक ने ग्राम प्रधान की गोली मारकर की हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के थल तहसील के पुरानाथल क्षेत्र के माछीखेत गांव से खबर मिली है कि एक 22 साल के युवक ने ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक ने मृतक के बड़े भाई की लाइसेंसी बंदूक चुराकर लाया था और उसी बंदूक से वारदात को अंजाम दिया। युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात लगभग 9.30 बजे माछीखेत के बानड़ी तोक निवासी ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह पुत्र स्व. जगत सिंह लघु शंका के लिए घर से बाहर आए थे। इसी दौरान गांव के ही 22 साल के युवक नीरज सिंह पुत्र भूपाल सिंह ने पुष्कर सिंह को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग बाहर आए तो देखा पुष्कर सिंह जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। गाँव वालों को आते देख आरोपी नीरज उर्फ नीरू भंडारी मौके से फरार हो गया।

गाँव वालों द्वारा हत्या की सूचना मिलने पर रविवार की सुबह थल के राजस्व निरीक्षक गोविंद नाथ गोस्वामी, पूरन सिंह गोस्वामी, राजस्व उपनिरीक्षक पुष्कर राम, पवन चौहान और संजीव द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक मृतक ग्राम प्रधान के बड़े भाई राजेंद्र सिंह की लाइसेंसी बंदूक को चोरी कर ले गया था। घर से बंदूक के साथ ही कारतूस भी गायब थे। इधर, गाँव वालों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नागीमल मंदिर के शौचालय में छिपा हुआ था। इसकी जानकारी होने पर कुछ लोगों ने बाहर से दरवाजे का कुंडा लगाकर उसे बंद कर दिया। इस कारण वह भाग नहीं सका।

इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया और गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने दोनाली बंदूक और कारतूस बरामद कर लिए हैं। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और राजस्व टीम आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here