Home देश त्रिपुरा सीएम ने कहा ‘महाभारत के समय था इंटरनेट’, जावेद अख्‍तर बोले-...

त्रिपुरा सीएम ने कहा ‘महाभारत के समय था इंटरनेट’, जावेद अख्‍तर बोले- बाकी धर्म भी अपने में झांक कर देखें

‘महाभारत के समय में इंटरनेट का दावा करने के लिए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री का मजाक बनाया जा रहा है। जिन तर्कों के आधार पर लोग ऐसा कर रहे हैं, लोगों को उसी के आधार पर अपने धार्मिक मान्यताओं को भी देखना चाहिए।’
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने कह दिया है कि महाभारत काल से ही इंटरनेट और सैटेलाइट अस्तित्व में हैं। बिप्लब देब का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब चला। त्रिपुरा के सीएम के इस बयान पर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। जावेद अख्तर ने कहा है कि जो लोग बिप्लब देब के दावों को लेकर मजाक बना रहे हैं ऐसे लोगों को अपनी धार्मिक मान्यताओं को भी देखना चाहिए।

जावेद अख्तर ने ट्वीट कर कहा है कि ‘महाभारत के समय में इंटरनेट का दावा करने के लिए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री का मजाक बनाया जा रहा है। जिन तर्कों के आधार पर लोग ऐसा कर रहे हैं, लोगों को उसी के आधार पर अपने धार्मिक मान्यताओं को भी देखना चाहिए। दुनिया में किसी भी धार्मिक मान्यता के अपने-अपने तर्क होते हैं, जैसे की बिप्लब देब ने अपने दावों को लेकर दिए हैं’।
बता दें कि इससे पहले बिप्लब देब ने बुधवार को एक जन वितरण के कंप्यूटरीकरण पर आयोजित एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा था कि इंटरनेट का आविष्कार अमेरिका या पश्चिमी देशों ने नहीं किया था, बल्कि लाखों वर्ष पहले भारत में इसका अविष्कार किया गया था।

सीएम बिप्लब देब ने महाभारत काल का जिक्र करते हुए कहा था कि संजय दृष्टिहीन थे, लेकिन वह युद्ध में होने वाली सभी घटनाओं को धृतराष्ट्र को सुना रहे थे। यह इंटरनेट की तकनीक से ही मुमकिन हो सका था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं ने बिप्लब के इस बयान का समर्थन भी किया वही इस बयान पर मशहूर कवि डॉक्टर कुमार विश्वास ने उनपर तंज भी कसा था।