उत्तराखंड में सूचना के अधिकार से मिले दस्तावेजों के मुताबिक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत (छह फरवरी 2020 तक) व पूर्व के सात मुख्यमंत्रियों ने अपने पूरे कार्यकाल के दौरान 9827 घोषणाएं की हैं। इनमें से अभी तक 5103 घोषणाएं ही पूरी हो पाई हैं। यानी कि 51.92 घोषणाएं ही ऐसी रहीं, जिन पर काम किया जा सका है। मुख्यमंत्रियों की घोषणाओं की यह तस्वीर आरटीआइ कार्यकर्ता हल्द्वानी निवासी गुरविंदर सिंह चड्ढा की ओर से आरटीआइ में मांगी गई जानकारी में सामने आई।
घोषणा करने में सबसे तेज रफ्तार पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की रही है। अपने तीन साल के कार्यकाल में हरीश रावत ने सबसे ज्यादा 3814 घोषणाएं कीं थी। हालांकि, घोषणाओं की पूर्ति में भी वह सबसे आगे हैं। उनकी 57.70 फीसद घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं और अभी तक 1343 घोषणाओं पर काम चल रहा है। वर्तमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं। अब तक उनकी 56.55 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं और उनका कार्यकाल भी अभी शेष बचा है।
नाम घोषणा पूर्ण गतिमान अपूर्ण
नित्यानंद स्वामी 33 निल निल निल
भगत सिंह कोश्यारी 11 निल निल निल
एनडी तिवारी 895 312 निल 583
बीसी खंडूड़ी 584 303 276 05
रमेश पोखरियाल 1140 458 251 431
बीसी खंडूड़ी 33 33 निल निल
विजय बहुगुणा 1340 678 611 51
हरीश रावत 3814 2201 1343 270
त्रिवेंद्र सिंह रावत 1977 1118 469 390